रिश्तों का कत्ल: महराजगंज में सगे पिता और भाई ने बेटी को राजस्थान में बेचा; कोर्ट के आदेश पर निचलौल पुलिस ने दर्ज किया केस महराजगंज (ND Live): उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले से एक रूह कँपा देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ लालच में अंधा होकर एक पिता और भाई ने ही अपनी बेटी के आंचल का सौदा कर दिया। तीन बच्चों की माँ को राजस्थान के कोटा में बेचने के इस सनसनीखेज मामले में अब न्यायालय के कड़े आदेश पर निचलौल पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मजदूरी करने गुजरात गया था पति, पीछे से रची गई साजिश पूरा मामला निचलौल थाना क्षेत्र के ग्राम जमुई पंडित का है। पीड़ित पति सरवर के मुताबिक, वह गुजरात में मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। जब वह बाहर था, तब उसकी पत्नी सावित्री अपनी तीन छोटी बेटियों के साथ मायके गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके ससुर पारसनाथ और साले ने मिलकर सावित्री को राजस्थान के कोटा निवासी एक व्यक्ति के हाथों पैसों के लिए बेच दिया। पुलिस को गुमराह करने के लिए दर्ज कराई फर्जी रिपोर्ट आरोपियों ने इस घिनौने अपराध को छिपाने के लिए सुनियोजित साजिश रची। खुद को बेगुनाह दिखाने के लिए पिता पारसनाथ ने ही निचलौल थाने में अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जब पति वापस लौटा और अपनी स्तर पर तलाश शुरू की, तब उसे इस खौफनाक सौदेबाजी का पता चला। पीड़ित का आरोप है कि सच्चाई जानने पर उसे और उसकी बेटियों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। मजिस्ट्रेट के आदेश पर कानून का शिकंजा स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। निचलौल थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ धारा 143, 318(4), 115(2), 352 और 351(3) सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब राजस्थान में बेची गई महिला की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच तेज कर चुकी है। क्राइम रिपोर्ट: मोइनुद्दीन सिद्दीकी
वापस होम पर जाएँ